logo

राइका भेंटा में शिक्षकों की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर के बनेगांव क्षेत्र के राइका भेंटा इंटर कॉलेज में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर ग्रामीणों ने आज जिला अधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले ढाई साल से विद्यालय में मुख्य विषयों के शिक्षक तक मौजूद नहीं हैं। यही नहीं, कई प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में भी प्रधानाध्यापक नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और अपनी समस्याएँ रखीं। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि राइका भेंटा में इस समय 160 से अधिक छात्र-छात्राएँ अध्ययनरत हैं, लेकिन स्कूल में मुख्य विषयों के शिक्षक नहीं हैं। विद्यालय प्रधानाध्यापक विहीन है और पूरी व्यवस्था एसएमसी व अस्थायी शिक्षकों के भरोसे चल रही है। उनका कहना है कि इस स्थिति में बच्चों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। हमारे क्षेत्र के राइका भेंटा में ढाई साल से विज्ञान, गणित और अन्य मुख्य विषयों के शिक्षक नहीं हैं। 160 से अधिक बच्चे पढ़ रहे हैं लेकिन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित हैं। हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द रिक्त पदों पर नियुक्ति हो ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके। यह समस्या केवल बनेगांव क्षेत्र की नहीं बल्कि पूरे जिले में है। वहीं ग्राम प्रधान माणाकाभड़ा पूजा देवी ने भी शिक्षकों की कमी को गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षाएँ नजदीक हैं लेकिन विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक न होने से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह बाधित है। बताया कि शिक्षक न होने से बच्चों को बहुत परेशानी हो रही है। एग्जाम आने वाले हैं और विज्ञान पढ़ाने वाला कोई नहीं है। अगर जल्दी नियुक्तियाँ नहीं हुईं तो हमें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। ग्रामीणों की मांग है कि सरकार और शिक्षा विभाग इस पर तत्काल संज्ञान ले और शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उस दौरान एसएमसी अध्यक्ष रेखा देवी,त्रिवेंद्र कुमार, नन्द राम आदि मौजूद थे।

Share on whatsapp