बागेश्वर: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को तहसील सभागार कपकोट में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी की अध्यक्षता में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की सहभागिता से आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी और लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
शिविर में कुल 235 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान 15 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी क्रम में 9 पात्र आवेदकों को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत स्वीकृति प्रदान की गई।
शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, विद्युत, पेयजल, सिंचाई एवं बैंकिंग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराईं।
मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, अधिशासी अधिकारी बलवंत सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








