logo

कपकोट महापंचायत में 219 लोगों ने उठाईं समस्याएं, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर कपकोट। कपकोट में केदारेश्वर मैदान में आयोजित महापंचायत में क्षेत्र के 219 से अधिक लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। पंचायत में लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें अब महापंचायत से जुड़े पदाधिकारी संकलित कर संबंधित विभागों तक पहुंचाएंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और कांग्रेस नेता हरीश ऐठानी ने कहा कि सभी समस्याओं को लिखित रूप में एकत्र कर विभागीय अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जन आंदोलन किया जाएगा। महापंचायत में लोगों ने क्षेत्र से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इनमें मानव-वन्यजीव संघर्ष के बढ़ते मामले, बंदरों, आवारा पशुओं और जंगली सुअरों से हो रहा फसल नुकसान, विद्युत विभाग द्वारा मनमाने ढंग से बिजली बिल वसूली, सिंचाई के लिए नहरों और गूलों की खराब स्थिति, आधार कार्ड सुधार के लिए पर्याप्त केंद्रों की कमी तथा पिछले एक वर्ष से सीज डंपरों के निस्तारण की मांग प्रमुख रही।

यह भी पढ़ें 👉  पालड़ीछीना-जैनकरास-कंगाड़छीना मोटर मार्ग की मांग को लेकर आंदोलन तेज,भूतपूर्व सैनिक संगठन ने दिया समर्थन

वक्ताओं ने कहा कि इन समस्याओं के कारण आम जनता को रोजमर्रा के जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। महापंचायत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, ब्लॉक अध्यक्ष दीपक गढ़िया, सभासद दीपक ऐठानी, जिला पंचायत सदस्य बलवंत राम, उमेश जोशी, रमेश पांडे, दरवान कपकोटी, चामू देवली, गोविंद बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में महापंचायत से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि जनता की आवाज को प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा और समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा।

Share on whatsapp