logo

पीजी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की मांग को लेकर एबीवीपी का प्रदर्शन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: एमए, एमएससी और एमकॉम प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश से वंचित छात्र-छात्राओं को अस्थायी प्रवेश दिए जाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) बागेश्वर ने सोमवार को प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के कुलपति के नाम परिसर निदेशक, बद्री दत्त पांडे परिसर बागेश्वर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित में जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। परिषद का कहना है कि स्नातक स्तर के पांचवें और छठे सेमेस्टर में बैक होने के कारण कई विद्यार्थी स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश से वंचित हो रहे हैं।
एबीवीपी के मुताबिक, अग्निवीर भर्ती परीक्षा और सेमेस्टर परीक्षा की तिथि एक ही होने के कारण कई विद्यार्थी अपनी सेमेस्टर परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए, जिससे उनका परीक्षा परिणाम प्रभावित हुआ। ऐसे में विद्यार्थियों को एमए, एमएससी और एमकॉम प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है और उनका एक शैक्षणिक वर्ष बर्बाद होने की आशंका है।
परिषद ने ज्ञापन में यूजीसी और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रावधानों का हवाला देते हुए विशेष परिस्थिति में विद्यार्थियों को अस्थायी प्रवेश देने की मांग की। परिषद का कहना है कि विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई जारी रखने का अवसर दिया जाना चाहिए।
एबीवीपी ने मांग की कि प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को विशेष परिस्थिति में अस्थायी प्रवेश दिया जाए, ताकि उनका शैक्षणिक वर्ष बर्बाद न हो। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि छात्रहित में जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन देने वालों में जिला संयोजक करण सिंह गढ़िया, नगर मंत्री शिवानी परिहार, हरेंद्र जानू, अंशुल कंवल, विवेक जोशी, भारत जोशी और उमेश सिंह शाही समेत अन्य छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  सीमा पर तैनात जवानों के लिए बागेश्वर से पहुंचा प्रेम का धागा,रेडक्रॉस सोसायटी ने हाथों से तैयार की राखियां
Ad Ad
Share on whatsapp