बागेश्वर। आगामी चुनावों को देखते हुए यूथ कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर गुरुवार को जिला कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं को अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गोकुल परिहार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि जिला प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव स्वाती जोशी रहीं। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय होकर पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं। आगामी चुनावों के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें और संगठन को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी चुनावों की रणनीति और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया। इस दौरान प्रदेश महासचिव संजय चन्याल, कपकोट ब्लॉक अध्यक्ष नवीन सिंह, गरुड़ ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत, दीपक कोहली, साहिल सिलकोटिया, बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष गणेश कुमार, पंकज धपोला, एनएसयूआई के नीरज जोशी, राहुल कुमार, रुद्रा पांडे और अंकुर उपाध्याय समेत जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।








