logo

राहुल गांधी पर कथित अपशब्द के विरोध में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा और नितिन नवीन का पुतला फूंका

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। हल्द्वानी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए कथित तौर पर अपशब्दों के प्रयोग को लेकर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इसी के विरोध में शुक्रवार को बागेश्वर में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसबीआई तिराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा और नितिन नवीन का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन लोकतांत्रिक राजनीति में किसी भी राजनीतिक दल के वरिष्ठ नेता के लिए अपमानजनक भाषा का प्रयोग उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति से मर्यादित भाषा और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप आचरण की अपेक्षा की जाती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की ओर से लगातार विपक्षी नेताओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस तरह की भाषा और राजनीतिक संस्कृति को स्वीकार नहीं करेंगे। लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और अपमानजनक शब्दों से राजनीतिक संवाद का स्तर गिरता है।
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी देश में लगातार जनता के मुद्दों को उठा रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेतृत्व से सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखने की मांग की।
पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और जनहित के अन्य मुद्दों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाते रहेंगे और किसी भी स्तर पर राजनीतिक मर्यादा के उल्लंघन का विरोध किया जाएगा।
प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ की गई कथित टिप्पणी को लेकर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में पहली बार उगा जापानी फल पर्सीमन, पूर्व सैनिक गोविंद सिंह परिहार की पहल से किसानों को नई उम्मीद
Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp