बागेश्वर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया है। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में चल रही सघन कार्रवाई के क्रम में एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान 3.53 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार भागीरथी तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजि० नं० UK02B-1627) को रोका गया। तलाशी लेने पर चालक के कब्जे से 3.53 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1,10,000 रुपये आंकी गई है। बरामदगी के आधार पर वाहन को सीज कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुमार उर्फ अतुल (23 वर्ष) पुत्र प्रकाश चन्द्र, निवासी कठायतबाड़ा, थाना एवं जनपद बागेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके विरुद्ध कोतवाली बागेश्वर में मु0अ0सं0 11/2026, धारा 08/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोहर चंद, हेड कांस्टेबल जय कुमार तथा एसओजी के कांस्टेबल चालक राजेन्द्र कुमार शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।








