logo

गुलदार के हमले में महिला की मौत, ग्रामीणों में दहशत

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जिले में गुलदार का आतंक एक बार फिर सामने आया है। कांडा तहसील क्षेत्र के बाझझिरौटी गांव में मंगलवार को गुलदार के हमले में 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, बाझझिरौटी निवासी कमला देवी 48 पत्नी पूरन राम मंगलवार को गांव की बारी के अनुसार करीब 19 परिवारों के 50 से अधिक मवेशियों को चराने के लिए पास के जंगल गई थीं। उनके साथ उनके पति पूरन राम भी मौजूद थे। वहीं, पड़ोस में रहने वाला युवक पंकज राम पुत्र भवानी राम भी बकरियां चरा रहा था। बताया गया कि क्षेत्र में उस समय तेज बारिश के साथ घना कोहरा छाया हुआ था। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक कमला देवी पर हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर उनके पति पूरन राम और पंकज राम मौके की ओर दौड़े। दोनों को आता देख गुलदार महिला को छोड़कर झाड़ियों की ओर भाग गया और घने कोहरे में ओझल हो गया।
हमले में कमला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके गाल और सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना क्षेत्र पंचायत सदस्य भगवान भंडारी और ग्राम प्रधान प्रकाश राम ने कांडा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज पुलिस टीम और वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर प्रथम दृष्टया महिला की मौत गुलदार के हमले में होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। कमला देवी अपने पीछे पति और चार बच्चों का परिवार छोड़ गई हैं। उनका बड़ा बेटा बबलू कुमार विवाहित है और बाहर रहता है, जबकि दो बेटियों की शादी हो चुकी है। 23 वर्षीय छोटा बेटा पुष्पेश कुमार अविवाहित है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की लगातार सक्रियता से लोगों में भय बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, कैमरा ट्रैप लगाने और गुलदार को पकड़ने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। वही प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने बताया कि मामले में त्वरित कार्यवाही की जा रही है। खुला जंगल एरिया होने के कारण जंगली जानवर अमूनन हमला नहीं करते है। महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  निर्वाचक नामावली के शुद्धिकरण एवं पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश
Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp