logo

आपदा के बाद भी नहीं मिली राहत, पौंसारी गांव के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। आपदा प्रभावित पौंसारी गांव की सुध नहीं लिए जाने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। ग्राम प्रधान कमला कोहली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि आपदा के बाद एक साल बीतने को है, लेकिन आज तक गांव को हुए नुकसान की भरपाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दस वर्षों में गांव दो बार आपदा की मार झेल चुका है, जिससे भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि आपदा के कारण गांव के रास्ते, नाले और पेयजल योजनाएं पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। हालात इतने खराब हैं कि लोगों के चलने के लिए रास्ते तक नहीं बचे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बारिश से पहले सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं कराया गया, तो खतरे की जद में आए मकान ध्वस्त हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  रोड नहीं तो वोट नहीं" के नारों से गूंजा फुलवाड़ी, सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना

वक्ताओं ने यह भी कहा कि आपदा के बाद मुख्यमंत्री सहित पक्ष और विपक्ष के कई नेता गांव पहुंचे, वहीं जिलाधिकारी से लेकर एसडीएम और राजस्व विभाग के अधिकारी भी निरीक्षण कर चुके हैं। इसके बावजूद आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन में पौंसारी, मनीखेत सहित आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण मौजूद रहे।

Share on whatsapp