बागेश्वर। तहसील काण्डा के ग्राम सभा झाकरा के ग्रामीणों ने पेयजल संकट को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मांग की कि उनके गांव को बालिघाट काण्डा कमस्यार कमेड़ी देवी लिफ्ट योजना में तुरंत शामिल किया जाए, ताकि क्षेत्र में लंबे समय से जारी पेयजल समस्या से राहत मिल सके। ग्राम प्रधान सरिता आर्या के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि झाकरा गांव में पेयजल स्रोत लगातार सूख रहे हैं और गर्मी के मौसम में समस्या विकराल होती जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि बालिघाट लिफ्ट योजना कमेड़ी देवी तक बन चुकी है, और यदि झाकरा गांव को इसमें जोड़ा जाए तो पेयजल संकट काफी हद तक समाप्त हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई महीनों से पानी की आपूर्ति बाधित है, जिसके चलते लोगों को दूरस्थ स्थानों से पानी ढोना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका, जिससे मजबूर होकर उन्हें जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन करना पड़ा।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने पर बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान त्रिवेणी चंद जोशी, भुवन चंद जोशी,जनार्दन जोशी, नन्दा बल्लभ जोशी, मदन मोहन जोशी, हिमांशु जोशी तथा फकीर राम सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।








