बागेश्वर। गैरखेत से लखमारा लिंक रोड की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य को तत्काल पुनः शुरू कराने की मांग उठाई। इस संबंध में क्षेत्र पंचायत सदस्य भगवती गढ़िया ने कहा कि लखमारा क्षेत्र लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से वंचित है, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण समस्या लगातार गहराती जा रही है। क्षेत्र पंचायत सदस्य गढ़िया ने बताया कि उनके क्षेत्र पंचायत के अंतर्गत आने वाला ग्राम सभा चलकाना के तोक लखमारा एक अति पिछड़ा इलाका है, जिसकी आबादी 300 से अधिक है। ग्रामीण आज भी आवागमन के लिए कठिन रास्तों पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद लोक निर्माण विभाग कपकोट द्वारा मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन आधे कार्य के बाद विभाग ने सड़क कटिंग का काम रोक दिया, जिससे ग्रामीणों की उम्मीदें ध्वस्त हो गईं। गढ़िया ने कहा कि ग्रामीण लगातार विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन देते आ रहे हैं, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अधूरे काम के कारण मार्ग का उपयोग भी संभव नहीं है और लखमारा क्षेत्र पूरी तरह आवागमन संकट में फंसा हुआ है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि गैरखेत–लखमारा मोटर मार्ग के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पुनः शुरू कराया जाए, ताकि ग्राम सभा चलकाना के तोक लखमारा के ग्रामीणों को मोटर मार्ग की सुविधा मिल सके और वे मूलभूत सुख-सुविधाओं से जुड़ सकें। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य पुनः शुरू नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर खड़क सिंह, मदन सिंह, गीता देवी,करम सिंह,लक्ष्म राम, ईश्वर सिंह, नर सिंह, गंगा सिंह,योगेश सिंह आदि मौजूद रहे।








