‘
किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले दो मकान मालिकों पर भी पुलिस ने कसा शिकंजा
बागेश्वर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन को लेकर सघन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के निर्देशों के अनुपालन में की गई कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
सत्यापन अभियान के दौरान किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने वाले दो मकान मालिकों के खिलाफ धारा 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया। वहीं, सत्यापन नहीं कराने वाले आठ अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मकान मालिकों, होटल एवं प्रतिष्ठान संचालकों तथा भवन स्वामियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपने मकान, दुकान, होटल या अन्य प्रतिष्ठान में किसी भी किरायेदार अथवा बाहरी व्यक्ति को रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
कोतवाली पुलिस ने लोगों से अपील की कि सत्यापन संबंधी नियमों का पालन कर पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन से क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।







