एसपी जितेन्द्र मेहरा ने नागरिकों और पुलिस कर्मियों से की सहयोग की अपील
बागेश्वर
पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस ने एक अनोखी पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) ने जनपद के समस्त नागरिकों और पुलिस कर्मियों से प्रत्येक शनिवार को ‘नो व्हीकल डे’ के रूप में मनाने की अपील की है।
इस अभियान के तहत लोगों को सप्ताह के एक दिन निजी वाहनों का उपयोग कम से कम करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा। पुलिस विभाग का मानना है कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छोटी-छोटी पहलें बड़े बदलाव का आधार बन सकती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि शनिवार के दिन संभव हो तो पैदल चलें, साइकिल का उपयोग करें अथवा सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें, जिससे पर्यावरण संरक्षण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
बागेश्वर पुलिस की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।








