logo

फुलवाड़ी सड़क आंदोलन को यूकेडी का समर्थन, मूलभूत समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। फुलवाड़ी क्षेत्र में सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन जारी है। आंदोलन को समर्थन देने के लिए उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) का प्रतिनिधिमंडल धरना स्थल पर पहुंचा और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व यूकेडी युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय कोषाध्यक्ष सीए वरुण चंदोला ने किया। इस दौरान जिला महामंत्री मनोज चौहान, संसदीय बोर्ड सदस्य भुवन कांडपाल समेत यूकेडी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीणों से सड़क की मांग को लेकर चर्चा की। ग्रामीणों ने सड़क के अलावा क्षेत्र में बिजली और पेयजल की समस्या तथा जंगली जानवरों के बढ़ते खतरे की जानकारी दी। ग्रामीणों ने कहा कि वन विभाग की नियमित गश्त नहीं होने से उन्हें सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
यूकेडी नेताओं ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। बिजली और पेयजल की समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने तथा वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की पैरवी की जाएगी।
इस दौरान यूकेडी सदस्य एवं लोकगायक पूरन सिंह राठौर ने लोकगीतों के माध्यम से आंदोलन को समर्थन दिया और ग्रामीणों में एकजुटता का संदेश दिया।
सीए वरुण चंदोला ने कहा कि सड़क पहाड़ के गांवों के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी मूलभूत जरूरत है। ग्रामीणों को सड़क समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यूकेडी ग्रामीणों की जायज मांगों के साथ खड़ा है और आवश्यकता पड़ने पर उनकी आवाज प्रशासन और शासन स्तर तक उठाई जाएगी।

Share on whatsapp