बागेश्वर: प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं के साथ बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने कड़ी नाराजगी जताई है। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने नगर में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।
जिलाध्यक्ष मनोज जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ता कपकोट मार्ग पर एकत्रित हुए और नारेबाजी के साथ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और कानून व्यवस्था कमजोर होती जा रही है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि अराजकता के माहौल में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और महिलाएं अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। साथ ही, उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ मामलों में दोषियों को संरक्षण देने की कोशिश की जा रही है। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर कानून व्यवस्था मजबूत करने तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग की। इस मौके पर विनोद साह, इंद्र सिंह, पूरन रावत, लाल सिंह, बलवंत सिंह, मंगल सिंह धपोला, राजेंद्र प्रसाद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








