बागेश्वर: प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी और जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल की जिला इकाई ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। यूकेडी कार्यकर्ताओं ने हनुमान मंदिर तिराहे पर मंगल पैलेस तिराहे में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनसमस्याओं का तत्काल समाधान किए जाने की मांग उठाई।
यूकेडी जिलाध्यक्ष मनोज जोशी ने कहा कि प्रदेश की जनता कई गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी के घरेलू बजट को प्रभावित किया है, जबकि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली जानवरों का आतंक भी बड़ी समस्या बन चुका है। ग्रामीणों को खेती-किसानी और रोजमर्रा के कामों के दौरान अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने अलग राज्य की लड़ाई बेहतर भविष्य, रोजगार और सुरक्षित जीवन की उम्मीद में लड़ी थी, लेकिन आज भी कई मूलभूत समस्याएं गंभीर बनी हुई हैं। सरकार को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ठोस कदम उठाने चाहिए। यूकेडी नेता भुवन कांडपाल ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण सबसे अधिक असर आम परिवारों और युवाओं पर पड़ रहा है। वहीं जंगली जानवरों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में खेती प्रभावित होने के साथ लोगों के सामने सुरक्षा का संकट भी खड़ा हो रहा है। उन्होंने सरकार से इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी नीति बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी होगी और सरकार से महंगाई, बेरोजगारी तथा जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग मजबूती से करनी होगी। इस दौरान मनोज चौहान, संजय कुमार, पंकज भट्ट, राहुल मिश्रा, भगवत सिंह और ललित गड़िया मौजूद रहे।








