logo

यूकेडी ने जिले की खराब सड़कों को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने जिले की खराब सड़कों को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उक्रांद के केंद्रीय कोषाध्यक्ष एवं युवा प्रकोष्ठ प्रभारी वरुण चंदोला ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी और भ्रष्टाचार के कारण जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति के विरोध में 27 सितंबर को लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज का घेराव किया जाएगा।
स्थानीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में चंदोला ने बताया कि सड़क मंत्री के धर्मशाला-नदीगांव तक सड़क पहुंच गई है, लेकिन इसके आगे रहने वाले लोगों को इसका लाभ कब मिलेगा, यह स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि जिले के कई गांवों में सड़क सुविधा अत्यंत दयनीय है। बीमार व्यक्तियों को डोली के सहारे सड़क तक पहुंचाना पड़ता है, जिसके बाद ही उन्हें अस्पताल ले जाया जा सकता है। चंदोला ने यह भी कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में प्रसूता महिलाओं को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कई बार समय पर उपचार नहीं मिलने या रास्ते में प्रसव होने की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि पहाड़ में लोगों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यकता है। पिंडरघाटी की सड़क को लेकर चंदोला ने कहा कि सरकार चुनाव से पहले उत्तराखंड को पर्यटन प्रदेश बनाने का दावा करती है, लेकिन पिंडरघाटी जैसे पर्यटन स्थल तक पहुंचने वाली सड़क वर्षों से नहीं बन सकी है। उक्रांद जिलाध्यक्ष मनोज जोशी ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में पर्यटन को बढ़ावा देना चाहती है, तो पहले पर्यटन स्थलों तक बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए। 27 सितंबर को परेड ग्राउंड में उक्रांद कार्यकर्ता और क्षेत्रीय जनता घेराव के लिए जुटेंगे। चंदोला ने कहा कि आंदोलन के माध्यम से सरकार को सड़कों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा।

Share on whatsapp