logo

यूकेडी ने संगठन विस्तार को दी धार, कई पदाधिकारियों को सौंपे दायित्व

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : उत्तराखंड क्रांति दल की जनपदीय इकाई बागेश्वर ने संगठन को मजबूत करने और जनसरोकारों से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विभिन्न पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष एडवोकेट मनोज जोशी की अध्यक्षता में नवनियुक्त पदाधिकारियों को विधिवत नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस दौरान जिला महामंत्री मनोज चौहान और केंद्रीय सलाहकार समिति के वरिष्ठ सदस्य भुवन कांडपाल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में संगठन विस्तार के तहत कई पदों पर नियुक्तियां की गईं। हीरा सिंह नेगी और संजय कुमार गढ़िया को कार्यकारी अध्यक्ष, पूरन सिंह रावत एवं सुरेश वर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं दीपा कनवाल को महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्षा, प्रकाश थापा को ओबीसी प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष और नारायण राम को अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा कैलाश चंद्र चंदोला, पूरन सिंह मलडा और नारायण सिंह कपकोटी को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। भीम सिंह नगरकोटि और ललित मेहता को जिला संगठन मंत्री, विनोद पांडेय को महामंत्री तथा नवीन वर्मा, कमल रावत और त्रिलोक पहाड़िया को प्रचार मंत्री नियुक्त किया गया। हर्षित मेहता को सोशल मीडिया प्रभारी समेत अन्य कार्यकर्ताओं को भी संगठन में विभिन्न दायित्व सौंपे गए।
जिला अध्यक्ष एडवोकेट मनोज जोशी ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल राज्य हित, पहाड़ की अस्मिता, युवाओं के रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत जनसमस्याओं को लेकर निरंतर संघर्षरत है। नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राज्यहित से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प भी लिया।

Share on whatsapp