उत्तराखंड के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। राज्य के दो होनहार खिलाड़ियों का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता वर्ल्ड ताइक्वांडो जूनियर चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 12 से 17 अप्रैल 2026 तक ताशकंद, उज़्बेकिस्तान के ओलंपिक सिटी कॉम्प्लेक्स में आयोजित की जाएगी, जिसमें दुनिया भर के जूनियर ताइक्वांडो खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इस प्रतियोगिता के लिए आस्था जोशी (अल्मोड़ा) का चयन जूनियर अंडर-42 किलोग्राम भार वर्ग में तथा निहाल देवली (पिथौरागढ़) का चयन जूनियर अंडर-63 किलोग्राम भार वर्ग में हुआ है। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन के दम पर इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जगह बनाई है।
दोनों खिलाड़ियों ने 13 से 14 मार्च 2026 को ऑर्चिड्स – द इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित फाइनल चयन ट्रायल्स में बेहतरीन प्रदर्शन किया। यह ट्रायल्स इंडिया ताइक्वांडो के तत्वावधान में आयोजित किए गए थे। कड़े मुकाबलों के बीच दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में जीत दर्ज कर वर्ल्ड ताइक्वांडो जूनियर चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
आस्था जोशी वर्तमान में अपने कोच मो. आमिर खान के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने आस्था के चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आस्था अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। उत्तराखंड ताइक्वांडो एंड पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का चयन राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन कर भारत और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव रवि शंकर सिंह फर्स्वाण, उपाध्यक्ष आनंद सिंह बोरा, रेनू रावत और प्रदीप जोशी सहित अन्य पदाधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








