वर्षा और खुशबू छत्तीसगढ़ में होने वाली जूनियर गर्ल्स नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में दिखाएंगी दमखम
बागेश्वर। जिले की दो उभरती महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने बागेश्वर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने की दिशा में एक और उपलब्धि हासिल की है। बागनाथ फुटबॉल अकादमी बागेश्वर की दो बालिकाओं वर्षा आर्य और खुशबू आर्य का चयन जूनियर गर्ल्स नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड की टीम में हुआ है।
दोनों खिलाड़ियों का चयन रुद्रपुर में आयोजित चयन ट्रायल के बाद उत्तराखंड टीम के लिए किया गया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 15 सितंबर से 7 अक्टूबर तक नारायणपुर, छत्तीसगढ़ के आश्रम मैदान में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
वर्षा आर्य और खुशबू आर्य दोनों राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बागेश्वर की छात्राएं हैं। उनके राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन से विद्यालय, अकादमी और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
फुटबॉल कोच नीरज पांडे ने दोनों खिलाड़ियों के चयन की जानकारी देते हुए इसे बागेश्वर की फुटबॉल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि जिले की बालिकाओं में फुटबॉल को लेकर लगातार रुचि बढ़ रही है और उचित प्रशिक्षण व अवसर मिलने पर यहां की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
दोनों खिलाड़ियों के चयन पर माननीय विधायक श्रीमती पार्वती दास, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश सिंह खेतवाल, बागनाथ फुटबॉल अकादमी के अध्यक्ष सुंदर रावल, सचिव ललित कनवाल सहित मनोज साह, सूरज जोशी, दिलीप मेहरा, महिपाल गाड़िया, सुंदर गाड़िया, गणेश धपोला, गीता कोरंगा, विजय रावत, नवीन रावल, कविता खेतवाल और गरिमा आदि ने खुशी जताते हुए दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि वर्षा और खुशबू राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड और बागेश्वर का नाम गौरवान्वित करेंगी।







