बागेश्वर: व्यावसायिक गैस सिलेंडर नहीं मिलने पर व्यापारियों ने कड़ी आपत्ति जताई है। नाराज व्यापारियों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द गैस आपूर्ति करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल जिला इकाई के बैनर तले व्यापारी शुक्रवार को कलक्ट्रेट में एकत्रित हुए। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि जिले में लंबे समय से व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं हो रही है। इस कारण कई होटल व रेस्टोरैंट बंद होने के कगार पर पहुंच गए हैं। कारोबारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है। अप्रैल से बच्चों का शिक्षा सत्र शुरू हो जाएगा। यदि समय पर गैस नहीं मिली तो उकने बच्चों के भविष्य पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों की समस्या को देखते हुए व्यावसायिक गैस उपलब्ध कराने की मांग की है। मांग करने वालों में जिलाध्यक्ष बबलू नेगी, नगर अध्यक्ष सूरज जोशी, अनिल कार्की, हरीश सोनी, किशन राम, देवेंद्र अधिकारी, दीप जोशी, सोनू पांडे, गिरीश बिष्ट,योगेश रावल,सूरज चौहान,पंकज जोशी, नरेंद्र खेतवाल, सुरेश सोनियाल आदि मौजूद रहे।








