पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग सीजन शुरू, पर्यटकों में दिखा उत्साह
बागेश्वर। जनपद बागेश्वर का प्रमुख पर्यटन स्थल पिंडारी ग्लेशियर एक बार फिर पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। लंबे इंतजार के बाद जैसे ही ट्रैकिंग सीजन की शुरुआत हुई, पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। हिचौड़ी स्थित वन विभाग कार्यालय में कुल 12 पर्यटकों ने पंजीकरण कराया। ग्लेशियर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी डौली डोबाल के अनुसार, इनमें 10 विदेशी पर्यटक नीदरलैंड अमेरिका से हैं, जबकि 2 भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं। वन विभाग की ओर से सभी पर्यटकों को स्वच्छता बनाए रखने और यात्रा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा भी प्राथमिकता में है। पर्यटकों के साथ आए गाइड विक्रांत गौड़ ने बताया कि उनका 10 दिन का ट्रैकिंग कैंप निर्धारित है, जिसकी शुरुआत सरयू नदी क्षेत्र से की जा रही है। विदेशी पर्यटकों ने कपकोट क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की खुलकर सराहना की। नीदरलैंड से आई पर्यटक सीजन ने कहा कि पिंडारी की यात्रा उनके लिए बेहद रोमांचक है और वह लंबे समय से इस ट्रैक का इंतजार कर रही थीं। वहीं अमेरिका से आए पर्यटक जॉन ने भी पहली बार यहां आने पर खुशी जताते हुए इसे बेहद खूबसूरत स्थान बताया। पिंडारी ग्लेशियर के खुलने से स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। वन विभाग का मानना है कि साहसिक पर्यटन के जरिए क्षेत्र की पहचान को और मजबूती मिलेगी, बशर्ते पर्यावरण संतुलन को बनाए रखा जाए।








