कांडा। कांडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढप्टी-विजयपुर मार्ग पर शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कांडा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चालक और महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार संख्या यूके-02-7436 शुक्रवार को ढप्टी से विजयपुर की ओर जा रही थी। ढप्टी के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में ढप्पटी गांव निवासी 46 वर्षीय चालक दीपक धामी पुत्र केशर सिंह धामी, 32 वर्षीय अनीता दफौटी पत्नी सज्जन सिंह निवासी दफौट गांव तथा उनकी नौ वर्षीय पुत्री भूमिका घायल हो गए।
ग्राम प्रधान नीमा धामी ने घटना की सूचना थानाध्यक्ष कांडा बलवंत कम्बोज को फोन पर दी। बताया गया कि स्कूल जा रहे बच्चों ने कार को खाई में गिरते देखा, जिसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. दिवाकर पांडेय ने बताया कि चालक के सिर और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि महिला के सिर, कमर और कंधे में चोटें हैं। बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दोनों गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है।








