logo

शिव पुराण कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था,पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ हुआ दस दिवसीय आयोजन का समापन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : बागेश्वर में आयोजित दस दिवसीय शिव पुराण कथा का समापन मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा एवं भक्ति भाव के बीच संपन्न हो गया। कथा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन स्थल पर पहुंचे और भगवान शिव की आराधना में सहभागी बने। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र का वातावरण शिवमय बना रहा।
कथा के दौरान व्यास गणेश दत्त जोशी ने भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों, उनके ज्योतिर्लिंगों की महिमा तथा शिव पुराण से जुड़े अनेक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव केवल संहार के देवता नहीं, बल्कि करुणा, त्याग, तपस्या और लोककल्याण के प्रतीक हैं। कथा के माध्यम से उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म और सत्य की राह पर चलने, समाज में सद्भाव बनाए रखने तथा जीव मात्र के सुख और कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी।
आज मंगलवार सुबह नित्य पूजा-अर्चना के बाद आयोजन स्थल पर विधिवत हवन का आयोजन किया गया। यजमानों और श्रद्धालुओं ने सर्वे भवन्तु सुखिनः की भावना के साथ हवन कुंड में आहुति अर्पित कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूर्णाहुति संपन्न हुई। पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में शंकर गिरि महाराज, पुष्कर गिरि महाराज, भाष्कर जोशी, शेर सिंह सहित नगर के अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share on whatsapp