बागेश्वर। जिला अस्पताल के आपातकालीन गेट के सामने विशालकाय पेड़ गिरने से शुक्रवार को कुछ समय के लिए अस्पताल का आपातकालीन मार्ग और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही फायर सर्विस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य चलाकर अवरुद्ध मार्ग को खोल दिया।
जानकारी के अनुसार फायर स्टेशन बागेश्वर को सूचना प्राप्त हुई कि जिला अस्पताल के मुख्य आपातकालीन गेट के सामने एक पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, जिससे अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चंद्र पाठक के मार्गदर्शन में फायर रेस्क्यू यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि तुन का विशालकाय पेड़ टूटकर जिला अस्पताल के आपातकालीन गेट के ऊपर गिर गया था, जिससे एमरजेंसी गेट पूरी तरह बंद हो गया था और सड़क पर यातायात भी बाधित हो गया था।
फायर रेस्क्यू टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वुडन कटर की सहायता से पेड़ को काटकर हटाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क और अस्पताल गेट से हटाकर सुरक्षित किनारे किया गया, जिसके बाद अस्पताल का आपातकालीन गेट और यातायात दोबारा सुचारू कर दिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है। समय रहते फायर सर्विस टीम की तत्परता से एक बड़ी असुविधा को टाल दिया गया।
राहत एवं बचाव कार्य में फायर रेस्क्यू टीम के सदस्य LFM केदार सिंह, चालक रमेश बंगारी, FM आनंद सिंह एवं FW लोकेश शामिल रहे, जिन्होंने मौके पर मुस्तैदी के साथ अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।








