logo

प्रभारी प्रधानाचार्य धर्म सिंह के समर्थन में उतरा शिक्षक संघ

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज भंतोला में तैनात सहायक अध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाचार्य धर्म सिंह का स्थानांतरण की मांग को लेकर चल रहा मौनव्रत क्रमिक अनशन जारी रहा। वर्ष 2005 से दुर्गम क्षेत्र में सेवाएं दे रहे शिक्षक के समर्थन में अब शिक्षक संगठन भी खुलकर सामने आने लगे हैं। कुमाऊं मंडल राजकीय शिक्षक संघ ने आंदोलन का समर्थन करते हुए विभागीय अधिकारियों से मामले का जल्द समाधान करने की मांग की है। धर्म सिंह वर्ष 2005 से राजकीय इंटर कॉलेज भंतोला में सेवाएं दे रहे हैं। करीब 21 वर्षों से दुर्गम विद्यालय में तैनाती के बाद वह स्थानांतरण की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर उन्होंने मौनव्रत क्रमिक अनशन शुरू किया है। शिक्षक रोज सुबह करीब पांच बजे विद्यालय पहुंचकर शिक्षण कार्य करते हैं। दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक विद्यालय के प्रवेश द्वार के बाहर घने जंगल के बीच मौनव्रत पर बैठते हैं। इसके बाद शाम करीब सात बजे अपने कमरे पर पहुंचते हैं। रविवार को कुमाऊं मंडल राजकीय शिक्षक संघ के संयुक्त मंत्री कपिल पांडेय धर्म सिंह के समर्थन में भंतोला पहुंचे। उन्होंने लगातार बारिश और जंगल क्षेत्र में अकेले आंदोलन कर रहे शिक्षक की सुरक्षा को देखते हुए मौनव्रत समाप्त करने की अपील की। इसी दौरान कपिल पांडेय ने अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गजेंद्र सिंह सौन से धर्म सिंह का वर्चुअल संवाद भी कराया। अपर निदेशक ने बताया कि अभी तक हुए स्थानांतरण में निर्धारित मानकों के तहत धर्म सिंह का मामला नहीं आ रहा था, जिसके चलते उनका स्थानांतरण नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि शिक्षक के प्रत्यावेदन निदेशालय को भेजे गए हैं और वहां से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि वार्ता के बाद भी धर्म सिंह अपने निर्णय पर अडिग रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानांतरण का लिखित आदेश मिलने तक उनका मौनव्रत जारी रहेगा।राजकीय शिक्षक संघ बागेश्वर के जिलाध्यक्ष गोपाल दत्त पंत और महामंत्री देवेंद्र सिंह मेहता ने निदेशक और अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा को पत्र भेजकर मामले के त्वरित समाधान की मांग की है। वहीं कुमाऊं मंडल राजकीय शिक्षक संघ ने भी धर्म सिंह के आंदोलन का समर्थन करते हुए उच्चाधिकारियों से जल्द ठोस समाधान निकालने की अपील की है। लगातार बारिश के बीच जंगल क्षेत्र में शिक्षक के अकेले मौनव्रत पर बैठने को लेकर शिक्षक संगठनों ने सुरक्षा पर भी चिंता जताई है। संगठनों का कहना है कि मामले का शीघ्र समाधान किया जाना जरूरी है।
फिलहाल धर्म सिंह का मौनव्रत तीसरे दिन भी जारी है और शिक्षक अपने स्थानांतरण के लिखित आदेश की मांग पर कायम हैं। शिक्षक संगठन भी उनके समर्थन में विभागीय अधिकारियों से शीघ्र समाधान की मांग कर रहे हैं।

Share on whatsapp