बागेश्वर। नगर क्षेत्र में स्थित गोमती और सरयू नदी के पुराने पुलों के चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण की दिशा में कवायद तेज हो गई है। शनिवार को अर्बन बिल्ड की टीम दोनों पुराने पुलों का सर्वे करने बागेश्वर पहुंची। टीम ने तकनीकी निरीक्षण करते हुए पुलों की वर्तमान स्थिति, चौड़ाई और यातायात भार का आकलन किया।
सर्वे कार्य टीम लीडर नवीन सिंह मेहरा के नेतृत्व में किया गया। टीम द्वारा गोमती और सरयू नदी पर बने पुराने पुलों का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी जानकारियां जुटाई गईं। सर्वे के दौरान पुलों की संरचना, यातायात दबाव और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आंकड़े संकलित किए गए।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अपर सहायक अभियंता प्रकाश आर्या ने बताया कि सर्वे कार्य पूर्ण होने के बाद दोनों पुलों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी। डीपीआर के आधार पर पुलों का डिजाइन तैयार कर स्वीकृति के लिए भारत सरकार को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में दोनों पुराने पुल सिंगल लेन हैं, जिससे यातायात संचालन में दिक्कतें आती हैं। भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को देखते हुए अब दोनों पुलों को डेढ़ लेन के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए शुरुआती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलों के संकरे होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में डेढ़ लेन पुल बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।








