logo

5922 मी. उंची बल्जुरी चोटी में सफलता पूर्वक किया आरोहण,मौसम की बेरूखी के बाद भी सफल रहा अभियान

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड और भारतीय पर्वतारोहण संस्थान के संयुक्त बैनर तले था अभियान

बागेश्वर: उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड और भारतीय पर्वतारोहण संस्थान के बैनर तले 18 सदस्यों के दल ने बागेश्वर जिले के पिंडर घाटी में 5922 मीटर उंची बल्जुरी चोटी में तीन अक्टूबर को सफलता पूर्वक आरोहण किया। उत्तराखंड सरकार ने पहली बार यह अभियान शुरू किया है।


बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत तथा उधमसिंह नगर के इस दल में पर्वतारोही आठ लड़के तथा चार लड़कियां शामिल रहे। इसके साथ ही एसडीआरफ से एक संचार कर्मी तथा चार हाई एल्टूयूड पर्वतारोही थे। इस दल को 16 सितंबर को देहरादून से पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। दल के लीडर ध्रुव जोशी ने बताया कि बागेश्वर से धूर, द्वाली, फुरकिया के बाद उन्होंने 3580 मीटर की उंचाई पर पिनरीउडयार में बेस कैंप स्थापित किया। इसके बाद उन्होंने 4750 मीटर की उंचाई पर एडवांस बेस कैंप स्थापित किया। इस दौरान लगातार मौसम खराब रहा, जिसके चलते आगे वो कैंप नहीं खोल सके। तीन दिन तक लगातार बर्फबारी होते रही। दो अक्टूबर को मौसम थोड़ा साफ हुवा तो उनकी टीम ने एडवांस बेस कैंप से रात ग्यारह बजे बलजुरी चोटी को आरोहण करने का निर्णय लिया। ताजा बर्फबारी होने के बाद उन्हें चोटी तक पहुंचने में तीन फीट की ताजा बर्फ में रास्ता बनाना पड़ा। इस बीच ग्लेशियर में कई जगहों पर खुले कैरावासों में फिक्स रोप लगा उन्हें पार किया। तीन अक्टूबर की दोपहर में सारी टीम साढ़े ग्यारह बजे चोटी में पहुंच गई। उन्होंने बताया कि प्रर्यावरण में बदलाव की वजह से ग्लेशियर तेजी से पिघलकर धंसते चले जा रहे हैं।


गौरतलब है कि सरकार ने इस बार पिंडारी को ट्रैक आफ द ईयर भी घोषित किया है। ताकि देश—विदेश से आने वाले पयर्टकों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों को भी पर्यटन से रोजगार मिले ताकि उनकी आर्थिकी मजबूत हो सके।

दल में शामिल पर्वतारोही

बागेश्वर से चेतन सिंह धर्मशक्तू, चंपावत से सुरेश चन्द्र भट्ट, पिथौरागढ़ से पंकज सिंह पोखरिया, किशोर बोरा, शुभम पार्की, दीपिका टोलिया, मेनका गुंजयाल, नैनीताल से प्रियंका मेहता, नीरज जलाल, विजय सिंह बिष्ट तथा उधमसिंह नगर से प्रीति पोखरिया और आमीर।

हाई एल्टूयूड पर्वतारोही

विजय रौतेला, नरेन्द्र कुमार, नीरज रावत, विक्रम दानू

ADVERTISEMENTS Ad
Share on whatsapp