बागेश्वर : जिले में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों के सम्मान में स्थापित की जाने वाली शिलापटों की उपेक्षा का मामला सामने आया है। इस संबंध में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश चंद्र सिंह ऐठानी ने मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन देकर गंभीर चिंता जताई है और मामले में स्पष्टिकरण के साथ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

ऐठानी ने बताया कि जनपद बागेश्वर के विभिन्न ग्राम सभाओं में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद जवानों के सम्मान में शिलापटों का निर्माण कराया गया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि कई स्थानों पर ये शिलापट आज तक स्थापित नहीं किए गए हैं और कहीं-कहीं लावारिस स्थिति में पड़े हुए हैं।
उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि यह स्थिति न केवल शहीदों के सम्मान के विपरीत है, बल्कि उनके बलिदान का अपमान भी है। जिन वीरों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, उनके सम्मान में इस प्रकार की अनदेखी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब मांगे हैं, जिनमें शिलापटों का निर्माण कब और किस योजना के तहत किया गया, अब तक इन्हें स्थापित क्यों नहीं किया गया, इस कार्य के लिए कौन जिम्मेदार है और देरी के पीछे क्या कारण हैं। साथ ही उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और शिलापटों को शीघ्र स्थापित करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग की है। हरीश चंद्र सिंह ऐठानी ने प्रशासन से इस गंभीर विषय पर जल्द संज्ञान लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है। इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और लोगों ने भी शहीदों के सम्मान में उचित कदम उठाने की मांग की। वही मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि एक हफ्ते में सभी पट्ट लगा दिए जाएंगे। अगर कार्य नहीं हुई तो उन अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी जिनको निर्देश दिए गए है। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य सरोज आर्य,सुरेश खेतवाल आदि मौजूद रहे।








