कपकोट (बागेश्वर)। विकास के दावों के बीच पहाड़ की जमीनी हकीकत एक बार फिर सामने आई है। तहसील क्षेत्र के ग्राम टोपन्या (दोबड़) में सड़क सुविधा के अभाव में 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला को ग्रामीणों ने चार किलोमीटर तक डोली में ढोकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया, जहां से उन्हें वाहन के जरिए जिला अस्पताल बागेश्वर ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी 78 वर्षीय गवलो देवी पत्नी बालक सिंह को तेज बुखार और पेट दर्द की शिकायत थी। हालत बिगड़ने पर परिजन चिंतित हो उठे, लेकिन गांव तक मोटर मार्ग न होने के कारण उन्हें अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन गया। ऐसे में ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए बुजुर्ग महिला को डोली में बैठाकर लगभग चार किलोमीटर पैदल कच्चे रास्ते से सड़क तक पहुंचाया।
इसके बाद वाहन की व्यवस्था कर उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस सराहनीय कार्य में केदार सिंह, प्रकाश सिंह, गोपाल सिंह, महेश सिंह, भजन सिंह और महीपाल सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने अहम भूमिका निभाई।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लिए सड़क का सर्वे पूर्व में हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हो पाया। सड़क न होने के कारण बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
यह घटना जहां एक ओर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी को उजागर करती है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों की एकजुटता और मानवता की मिसाल भी पेश करती है।
इधर, क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि जिन गांवों में सड़क का सर्वे पूरा हो चुका है, वहां शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। संबंधित विभाग से भी वार्ता की जाएगी।








