बच्चों और युवाओं को मादक पदार्थों से बचाने हेतु समन्वय बैठक आयोजित
बागेश्वर।
जनपद में बच्चों एवं युवाओं में बढ़ते नशे और मादक पदार्थों के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी द्वारा एक महत्वपूर्ण जागरूकता एवं समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी, मेडिकल स्टोर संचालक, पुलिस प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य मादक द्रव्यों, प्रीकर्सर केमिकल्स तथा मनःप्रभावी औषधियों के दुरुपयोग को रोकना और समाज को इसके दुष्परिणामों से बचाना रहा। औषधि निरीक्षक ने सभी प्रतिभागियों को इस विषय में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
पूजा रानी ने बताया कि जनपद बागेश्वर में वर्तमान में कोई भी औषधि निर्माण इकाई संचालित नहीं है। साथ ही प्रीकर्सर केमिकल्स का उपयोग मुख्य रूप से नारकोटिक एवं साइकोट्रॉपिक दवाओं के निर्माण में होता है, जिनके उत्पादन, भंडारण एवं बिक्री पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा सख्त निगरानी रखी जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद के मेडिकल स्टोरों द्वारा प्रीकर्सर केमिकल्स का विक्रय नहीं किया जाता तथा वर्तमान में ऐसी किसी अवैध गतिविधि की कोई सूचना नहीं है। बैठक में मेडिकल स्टोर संचालकों और केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों को निर्देशित किया गया कि यदि कहीं भी प्रीकर्सर केमिकल्स या मादक द्रव्यों के अवैध उपयोग अथवा बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल औषधि प्रशासन एवं पुलिस विभाग को सूचित करें।
इसके साथ ही कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनःप्रभावी दवाओं के क्रय-विक्रय को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। बताया गया कि ऐसी दवाएं केवल वैध चिकित्सकीय पर्चे पर ही बेची जाएं तथा बिक्री का पूरा रिकॉर्ड नियमित रूप से संधारित किया जाए।
औषधि निरीक्षक ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना, समाज में जागरूकता बढ़ाना और जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।








