बागेश्वर। आयुर्वेद विभाग बागेश्वर के तत्वावधान में आयुर्वेद चिकित्साधिकारियों के लिए सात दिवसीय कंप्यूटर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण NIELIT हरिद्वार द्वारा जनपद बागेश्वर के नदीगांव स्थित NIELIT केंद्र में 22 सितंबर से 29 सितंबर 2025 तक आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान चिकित्साधिकारियों को कंप्यूटर संचालन, सॉफ्टवेयर, एआई, डिजिटल कार्यप्रणाली और रिपोर्टिंग के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। अंतिम सत्र के उपरांत आयोजित समापन कार्यक्रम में जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली ने केंद्र संचालक कैलाश कांडपाल को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया और सभी चिकित्साधिकारियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई दी।
डॉ. कोहली ने कहा कि आधुनिक डिजिटल दौर में कंप्यूटर संबंधी दक्षता अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार का प्रशिक्षण विभागीय कार्यों के संपादन में भी उपयोगी सिद्ध होगा। समापन अवसर पर जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी, केंद्र संचालक सहित सभी प्रशिक्षु चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।








