– भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त,
–
बागेश्वर।। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के चलते सरयू और गोमती नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, वहीं जिलेभर में मलबा और बोल्डर आने से 11 सड़कें बंद हो गई हैं। कई मकानों को भी आंशिक क्षति पहुंचने की सूचना है। सड़कों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है।
भारी बारिश के बीच बागेश्वर-गरुड़ मोटर मार्ग संख्या 109-के पर रवाईखाल के पास मलबा आने से यातायात करीब दो घंटे तक बाधित रहा। सड़क पर मलबा आने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। लगातार बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिले में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया है। प्रशासन की आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बंद सड़कों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार काम कर रही हैं। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने बताया कि जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बंद सड़कों को खोलने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से नदियों, गधेरों और आपदा प्रभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। साथ ही भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने को कहा है।








