logo

15 दिनों में दूसरी बड़ी कार्रवाई, पालड़ीछीना में पकड़ी गई मादा गुलदार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। बागेश्वर वन रेंज अंतर्गत पालड़ीछीना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक मादा गुलदार कैद हो गई। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता बढ़ने से ग्रामीणों में भय का माहौल था। सुबह पिंजरे में गुलदार फंसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा इंतजामों के बीच उसे रेंज कार्यालय लाया गया, जहां उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण में गुलदार स्वस्थ पाई गई है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे मानव आबादी से दूर उपयुक्त प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ने की तैयारी की जा रही है। बीते 15 दिनों के भीतर जिले में यह दूसरा मामला है जब गुलदार को आबादी क्षेत्र से पकड़कर सुरक्षित स्थानांतरित किया गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में शाम ढलते ही खेतों और घरों के आसपास गुलदार की आवाजाही देखी जा रही थी, जिससे खासकर महिलाओं और बच्चों में दहशत बनी हुई थी। ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने एक सप्ताह पूर्व ही पालड़ीछीना में पिंजरा लगाया था, जिसका परिणाम शुक्रवार को सामने आया।
वन क्षेत्राधिकारी केवला नंद पांडे ने बताया कि विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ मानव सुरक्षा भी विभाग की प्राथमिकता है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वन्यजीव की हलचल की सूचना तुरंत विभाग को दें तथा अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं।

Share on whatsapp