logo

बागेश्वर में सरयू नदी का रौद्र रूप, एसडीएम ने किया नदी किनारे क्षेत्रों का निरीक्षण

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जिले में सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। कपकोट क्षेत्र में तेज बारिश के बाद सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। बागेश्वर जिला मुख्यालय में भी सरयू का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
एसडीएम प्रियंका रानी ने नदी किनारे संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सरयू घाट को खाली करा दिया गया है और श्रद्धालुओं के नदी में स्नान करने पर रोक लगा दी गई है।
वहीं, कपकोट एसडीएम अनिल चन्याल के निर्देश पर क्षेत्र में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी किनारे जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
बारिश के कारण जिले में यातायात भी प्रभावित हुआ है। टूटरिया टनल के पास मलबा आने तथा मिकिला-खालपट्टा मार्ग पर चट्टान गिरने से यातायात बाधित हुआ है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।

Share on whatsapp