बागेश्वर। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच मेहनत और लगन के दम पर सफलता हासिल करने वाली संजना आज क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गई है। अटल उत्कृष्ट पदम सिंह परिहार राजकीय इंटर कॉलेज वज्यूला में सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाली मेधावी छात्रा संजना का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार ने उसे “विद्यालय का कोहिनूर सम्मान” प्रदान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उसके माता-पिता को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि संजना का सपना आईएएस अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि यह सफलता उसके जीवन की पहली महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए उसे आगे भी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ना होगा।
बुक बैंक बना सफलता की मजबूत नींव
विद्यालय के भौतिक विज्ञान प्रवक्ता आलोक पांडे द्वारा संचालित बुक बैंक ने संजना को आने वाले भविष्य के लिए बुक बैंक के माध्यम से उसे पीसीएस और आईएएस की तैयारी से जुड़ी मानक पुस्तकें उपलब्ध कराई गईं है। इनमें भारत का संविधान, समाज सेवा, एनसीईआरटी आधारित अध्ययन सामग्री और अन्य उपयोगी पुस्तकें शामिल रहीं।
आलोक पांडे ने बताया कि पूर्व से संजना को छात्रवृत्ति प्रदान कर रहे रिटायर्ड कर्नल डीपी डिमरी ने उसकी उच्च शिक्षा और स्नातक स्तर तक हरसंभव सहायता देने का संकल्प लिया है। विद्यालय परिवार और शिक्षक भी उसे देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में अध्ययन के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कक्षा छह से देख रही आईएएस बनने का सपना
विद्यालय की शिक्षिका राजेश्वरी कार्की ने बताया कि संजना कक्षा छह से ही आईएएस अधिकारी बनने का सपना देख रही है। वह नियमित रूप से शिक्षकों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछती रही है और विद्यालय की लाइब्रेरी व बुक बैंक से पुस्तकें लेकर लगातार अध्ययन करती रही।
उन्होंने कहा कि संजना एक बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती है, लेकिन सीमित संसाधनों के बावजूद उसने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से यह मुकाम हासिल किया है।
राजनीतिक विज्ञान में 99 अंक, शिक्षक को दिया श्रेय
संजना ने राजनीतिक विज्ञान विषय में 99 अंक प्राप्त कर विद्यालय में नया कीर्तिमान स्थापित किया। उसने इस उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षक चंदन सिंह नेगी को दिया। संजना ने कहा कि उनके मार्गदर्शन और विषय को सरल तरीके से समझाने की शैली ने उसे उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान उसकी कक्षा अध्यापिका हिमानी उप्रेती और मुन्नी गोस्वामी ने एक-एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर उसका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सम्मान समारोह के दौरान संजना ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय से मिले मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि सभी के सहयोग और आशीर्वाद ने उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।








