बागेश्वर। लगातार हो रही बारिश के बीच सुमगढ़ गांव में एक दिव्यांग दंपति का आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हो गया। बुधवार रात हुई भारी बारिश के कारण गांव निवासी उछाप सिंह का मकान टूट गया। उछाप सिंह और उनकी पत्नी दोनों दिव्यांग हैं। उनके बच्चे रिश्तेदारों के साथ गांव से बाहर रहते हैं, ऐसे में मकान क्षतिग्रस्त होने से दंपति के सामने अचानक रहने और दैनिक जरूरतों का संकट खड़ा हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी ने तत्काल राहत पहुंचाई। रेडक्रॉस के स्वयंसेवी महेश सिंह गढ़िया, सुरेश राठौर और हरीश कपकोटी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराई। टीम ने परिवार को दो तिरपाल, एक कंबल और एक किचन सेट प्रदान किया।
रेडक्रॉस की इस त्वरित सहायता से प्रभावित दंपति को बारिश के बीच तत्काल राहत मिली। ग्राम प्रधान भूपेंद्र कोरंगा ने रेडक्रॉस सोसाइटी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में जरूरतमंद परिवार तक समय पर पहुंचाई गई सहायता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री मिलने से दंपति को तत्काल आवश्यक मदद मिल सकी।
बारिश के बीच रेडक्रॉस की यह पहल आपदा प्रभावित परिवार के लिए मानवीय संवेदना और सहयोग की मिसाल बनी।








