–
– रेडक्रॉस की राखी निर्माण प्रतियोगिता में उत्कर्ष पांडे और भूमिका तिवारी ने मारी बाजी
बागेश्वर। रक्षाबंधन के पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए भारतीय रेडक्रॉस समिति, बागेश्वर की ओर से स्वर्गाश्रम में वृहद पौधारोपण एवं राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे, रेडक्रॉस समिति के चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण, वृक्ष पुरुष किशन सिंह मलडा ने किया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उन्हें रक्षा सूत्र बांधा गया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में देवदार, बुरांश, काफल, अतीस, टून, खुरमानी, वैगनबेनिया और मेहल सहित विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों पौधे रोपे गए। स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से तैयार राखियां पेड़ों को बांधकर प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक लोगों ने उत्साह के साथ पौधारोपण में भागीदारी की। भारतीय रेडक्रॉस समिति की ओर से आयोजित राखी निर्माण प्रतियोगिता में जूनियर स्तर पर कंट्री वाइड पब्लिक स्कूल, बागेश्वर के उत्कर्ष पांडे ने प्रथम, विवेकानंद विद्या मंदिर के देव कांडपाल ने द्वितीय तथा महर्षि विद्या मंदिर की शगुन बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं ओपन श्रेणी में भूमिका तिवारी ने प्रथम, कठायतबाड़ा, बागेश्वर की मनीषा बनकोटी ने द्वितीय तथा श्रीमती ममता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता में डॉ. हरीश दफौटी द्वारा लकड़ी पर बारीक नक्काशी से तैयार की गई हस्तनिर्मित राखी को उसकी अनूठी कलात्मकता के लिए विशेष संस्करण राखी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने कहा कि रक्षाबंधन पर पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधना पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जोड़ने की अभिनव पहल है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से पर्यावरण संरक्षण के अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया।रेडक्रॉस समिति के सचिव आलोक पांडे ने कहा कि पौधारोपण करना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक जरूरी लगाए गए पौधों का संरक्षण करना है। रक्षाबंधन के माध्यम से पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर लोगों में प्रकृति के प्रति भावनात्मक जुड़ाव पैदा करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि समिति आगे भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने वाले कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं। आयोजन ने रक्षाबंधन के पारंपरिक पर्व को पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश दिया। उस दौरान वाइस चेयरमैन ललित मोहन जोशी, कोषाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, हिमांशु चौबे, कन्हैया वर्मा,हिमांशु जोशी, मोहिउद्दीन तिवारी, आतीर तिवारी, सुनीता टम्टा, लता प्रसाद आदि मौजूद रहे।








