बागेश्वर गरुड़। गरुड़ स्थित सेंट एडम्स पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र भरत पिरसाली ने क्षेत्र का नाम रोशन करते हुए देश की प्रतिष्ठित विमानन कंपनी Air India में पायलट के रूप में चयन हासिल किया है। 250 घंटे की सफल उड़ान पूरी करने के बाद भरत को एयर इंडिया के बोइंग विमान उड़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भरत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गरुड़ के सेंट एडम्स पब्लिक स्कूल में नर्सरी से लेकर आठवीं कक्षा तक प्राप्त की। इसके बाद उनका परिवार हल्द्वानी स्थानांतरित हो गया, जहां से उन्होंने अपनी आगे की पढ़ाई और उड़ान प्रशिक्षण की दिशा में कदम बढ़ाए। भरत के पिता श्री रेवाधर पिरसाली ने बताया कि चयन के उपरांत अब भरत छह माह के एडवांस्ड प्रशिक्षण के लिए अमेरिका जा रहे हैं, जहां वे आधुनिक विमानन तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती रजिया सिद्दीकी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि भरत अपने छात्र जीवन में अनुशासित, मेधावी और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रबंधक जावेद सिद्दीकी ने बताया कि भरत का बचपन से ही फ्लाइंग और एविएशन क्षेत्र की ओर विशेष रुझान था। वे अक्सर विमानन क्षेत्र से जुड़े प्रश्न पूछते और पायलट बनने का सपना साझा करते थे।
भरत पिरसाली की यह सफलता न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे गरुड़ क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी है।








