logo

गागरीगोल इंटर कॉलेज में ‘एआई रूम’ पहल पर कार्यक्रम, छात्रों को आधुनिक तकनीक से कराया परिचय

खबर शेयर करें -

बागेश्वर।
जनपद के इंटर कॉलेज गागरीगोल में राजभवन उत्तराखंड की ‘एआई रूम’ पहल के अंतर्गत एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में तकनीकी विशेषज्ञ सिद्धार्थ माधव ने बताया कि इस पहल के तहत प्रदेशभर में 108 नवाचारी अनुप्रयोग (एप्लिकेशन) विकसित किए जाएंगे। इसके लिए विभिन्न विद्यालयों से प्रतिभाशाली छात्रों का चयन किया जाएगा, जिन्हें राजभवन में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चयनित छात्र विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में एप निर्माण का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। साथ ही उन्होंने सरल भाषा में एआई की उपयोगिता और भविष्य में इसके बढ़ते महत्व को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आने वाला समय तकनीक का है और वही आगे बढ़ेगा, जो नई तकनीकों को सीखने और अपनाने का साहस करेगा।
वहीं मीडिया एवं प्रचार-प्रसार प्रमुख कार्तिकेय जोशी ने इस पहल को विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और एआई से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य पंकज साह सहित वीरेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार, अंजली खेतवाल, पूजा खेतवाल, हेम उपाध्याय, रमेश भट्ट, पंकज गोदियाल, भुवन बोरा, योगेश कांडपाल, पूरन लाल, खंष्टी जोशी, प्रमिला आगरी समेत विद्यालय स्टाफ एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने इस पहल को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए उपयोगी बताते हुए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर जोर दिया।

Share on whatsapp