बागेश्वर गरुड़। डाक विभाग अल्मोड़ा मंडल द्वारा गरुड़ ब्लॉक सभागार में डाक चौपाल एवं डाक जीवन बीमा महामेला का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि चीफ पोस्टमास्टर जनरल उत्तराखण्ड परिमंडल शशि शालिनी कुजूर ने अल्मोड़ा एवं बागेश्वर जनपद के डाकघरों के कार्यों का पुनरीक्षण किया।
कार्यक्रम के दौरान डाक अधीक्षक अल्मोड़ा मंडल जे.एस. बोरा ने मंडल द्वारा विभिन्न योजनाओं में किए जा रहे कार्यों तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इस पर सीपीएमजी शशि शालिनी कुजूर ने अल्मोड़ा मंडल के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए डाककर्मियों को डाकघर की मूल भावना “डाक सेवा, जन सेवा” के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मी सम्मानित
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मियों एवं डाकघरों को सम्मानित किया गया। बचत बैंक कार्यों में भिकियासैंण डाकघर को प्रथम, बग्वालीपोखर को द्वितीय तथा द्वाराहाट को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
डाक जीवन बीमा व्यवसाय में भिकियासैंण एवं बैजनाथ डाकघर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहे, जबकि देघाट उपडाकघर को तृतीय स्थान मिला। शाखा डाकघर स्तर पर वज्यूला शाखा डाकघर प्रथम, भगतोला द्वितीय तथा गागरीगोल तृतीय स्थान पर रहा।
इसके अलावा दौड़ाखाल, कफड़ा, भूलगांव, दुनागिरी, भेल्टगांव, भतौड़ा, बारंगल एवं इड़ा के शाखा डाकपालों को भी उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
महामेले में बना नया कीर्तिमान
डाक जीवन बीमा महामेला के दौरान कुल 2 करोड़ 1 लाख 412 रुपये का नया प्रीमियम अर्जित किया गया, जो उत्तराखण्ड डाक परिमंडल के इतिहास में किसी भी मंडल द्वारा एक महामेले में अर्जित अब तक का सर्वाधिक प्रीमियम है। इससे पूर्व यह रिकॉर्ड टिहरी डाक मंडल के नाम था, जिसने फरवरी 2025 में 1.79 करोड़ रुपये का प्रीमियम अर्जित किया था।
अधिकारी एवं कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में डाक अधीक्षक अल्मोड़ा मंडल जे.एस. बोरा, सहायक डाक अधीक्षक बागेश्वर महेश प्रसाद, निरीक्षक डाकघर देव सिंह पांगती, आयुष पाण्डेय, दीपक गोस्वामी, निरीक्षक डाकघर रानीखेत हेमंत यादव, विशाल शाह, निर्मल कांडपाल, कैलाश पाण्डेय, गिरीजा पाण्डेय, दिपेश आर्या, अनिल काण्डपाल, पवन गिरी गोस्वामी सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से डाक सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ आम जनता को योजनाओं से जोड़ने में मदद मिलती है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।








