बागेश्वर। भराड़ी टैक्सी स्टैंड, ठाकुरद्वारा वार्ड निवासी पति-पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गोकुल चंद्र जोशी ने 10 सितंबर को कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पत्नी हेमा जोशी समेत दीपक जोशी, रुद्राक्ष, जतिन शर्मा और गौरव ने उनके साथ मारपीट व गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इस दौरान डीवीआर को नदी में फेंक दिया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इसी मामले में हेमा जोशी ने भी पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने गोकुल चंद्र जोशी, मुरारी जोशी समेत आठ-दस अज्ञात लोगों पर एकमत होकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने इस तहरीर पर भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एसआई निर्मला पटवाल ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।
मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा था व्यापार संघ
इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर व्यापार संघ लगातार आंदोलन कर रहा था। व्यापारियों का कहना था कि यदि बाहर से आकर कोई व्यापारी के साथ मारपीट करता है तो व्यापार संघ चुप नहीं रहेगा। मुकदमा दर्ज नहीं होने पर व्यापारियों ने आंदोलन शुरू किया था। अब दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।







