बागेश्वर पुलिस की मुस्तैदी एक बार फिर सामने आई है। मात्र 72 घंटे के भीतर पुलिस ने ₹2 लाख कीमत का खोया हुआ ड्रोन खोजकर उसके मालिक को सकुशल वापस सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सफलता को हासिल किया। जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा निवासी सुनील कुमार का कीमती ड्रोन 2 मई को बागेश्वर क्षेत्र में कहीं गिरकर खो गया था।
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली बागेश्वर की चीता मोबाइल टीम ने सक्रियता दिखाते हुए सुरागरसी-पतारसी शुरू की। स्थानीय लोगों के सहयोग से व्यापक खोज अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप खोया हुआ ड्रोन सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
बरामद ड्रोन को उसके स्वामी सुनील कुमार के सुपुर्द कर दिया गया। अपना कीमती सामान वापस मिलने पर उन्होंने बागेश्वर पुलिस की तत्परता और ईमानदारी के लिए आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर पुलिस की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को साबित किया है।








