बिना इंटरनेट भी काम करेगा ऐप, हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध; एक माह में 14 हजार किसानों ने किया डाउनलोड
पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर ने कृषि को डिजिटल तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘पंत वीड गाइड’ (Pant Weed Guide) मोबाइल ऐप विकसित किया है। इस ऐप के माध्यम से किसानों, कृषि विद्यार्थियों, शोधार्थियों और कृषि विशेषज्ञों को विभिन्न फसलों में पाए जाने वाले खरपतवारों की पहचान और उनके प्रभावी नियंत्रण से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध होगी। ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे एक बार डाउनलोड करने के बाद बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने ऐप विकसित करने वाली पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि खरपतवार प्रबंधन के क्षेत्र में यह एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है। ऐप में खरीफ और रबी की कुल 45 फसलों में पाए जाने वाले खरपतवारों की पहचान और उनके प्रभावी नियंत्रण से संबंधित वैज्ञानिक जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं।
बाइट – डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप, कुलपति, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर।
विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि ‘पंत वीड गाइड’ एंड्रॉयड मोबाइल फोन के लिए विकसित किया गया है। इसमें 45 फसलों के खरपतवार प्रबंधन की विधियों के साथ 14 एकीकृत खरपतवार प्रबंधन विधियों की जानकारी भी शामिल की गई है। उन्होंने बताया कि यह देश का पहला ऐसा खरपतवार प्रबंधन ऐप है, जो हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।

करीब एक माह पहले लॉन्च हुए इस ऐप को अब तक लगभग 14 हजार लोग डाउनलोड कर चुके हैं। इसकी मदद से किसान अपने खेत में ही खरपतवार की पहचान कर सकते हैं और ऐप में उपलब्ध वैज्ञानिक सुझावों के अनुसार उनका नियंत्रण कर सकते हैं। इससे किसानों के समय और धन की बचत होगी। साथ ही अनावश्यक खरपतवारनाशक दवाओं के इस्तेमाल में कमी आएगी, जिससे फसल उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।
ऐप विकसित करने वाली टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग के छात्र राहुल भट्ट ने बताया कि किसान हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में इस ऐप का उपयोग कर सकते हैं। फिलहाल इसे एंड्रॉयड मोबाइल फोन के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि ऐप को आईफोन (iOS) के लिए भी उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
डिजिटल तकनीक के इस नवाचार से किसानों को खेत में ही खरपतवार की पहचान और उसके वैज्ञानिक प्रबंधन की सुविधा मिलेगी। इससे कृषि लागत कम करने, फसल की उत्पादकता बढ़ाने और टिकाऊ खेती को प्रोत्साहन देने में मदद मिलने की उम्मीद है।







