पद्मश्री प्रो. एच.सी. वर्मा ने वज्यूला में विद्यार्थियों में जगाई वैज्ञानिक चेतना
जनपद बागेश्वर के वज्यूला स्थित अटल उत्कृष्ट पदम सिंह परिहार राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित विज्ञान यात्रा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा, जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच का अनूठा उत्सव बन गई। साइंस इन सर्विस सोसायटी के अंतर्गत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में देश के विख्यात भौतिक वैज्ञानिक एवं पद्मश्री सम्मानित एच.सी. वर्मा ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय लोगों के साथ संवाद करते हुए विज्ञान को जीवन से जोड़ने का संदेश दिया।
विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल भाषा में समझाने वाले देश के प्रख्यात वैज्ञानिक प्रो. एच.सी. वर्मा को अपने बीच पाकर छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। विज्ञान यात्रा ने न केवल बच्चों की जिज्ञासा को नई उड़ान दी, बल्कि उनके भीतर ब्रह्मांड और विज्ञान को समझने की नई सोच भी जगाई। इस दौरान प्रो. वर्मा ने कहा कि पूरा ब्रह्मांड स्वयं में एक विराट विज्ञान प्रयोगशाला है और इसका प्रत्येक कण विज्ञान से भरा हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने, सवाल पूछने और प्रकृति से सीखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित विषय नहीं, बल्कि जीवन को समझने और समाज को बेहतर बनाने की दृष्टि है। यहां आयोजित आकाश दर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दूरबीन के माध्यम से विद्यार्थियों ने बृहस्पति ग्रह, चंद्रमा और अन्य खगोलीय पिंडों का अवलोकन किया। तारों से भरे आसमान के बीच प्रो. वर्मा ने अंतरिक्ष विज्ञान, ग्रहों और ब्रह्मांड से जुड़े रोचक तथ्यों को सरल भाषा में समझाया, जिससे विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति उत्सुकता और बढ़ गई।
वही कार्यक्रम में शामिल छात्राछात्राओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। कक्षा 8 की छात्रा साक्षिता मिश्रा ने कहा कि पहली बार दूरबीन से बृहस्पति और चंद्रमा को इतने करीब से देखा। प्रो. एच.सी. वर्मा सर की बातें सुनकर विज्ञान के प्रति मेरी रुचि और बढ़ गई है। अब मुझे लगता है कि विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि हमारे आसपास हर जगह मौजूद है।








