logo

बागेश्वर वन प्रभाग में वनाग्नि नियंत्रण हेतु एक दिवसीय मॉक ड्रिल सम्पन्न

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: वनाग्नि काल के दृष्टिगत वनाग्नि सुरक्षा एवं त्वरित आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से बागेश्वर वन क्षेत्र के क्रू-स्टेशन कठायतबाड़ा अन्तर्गत खबड़ोली में एक दिवसीय मॉक ड्रिल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की उप प्रभागीय वनाधिकारी अध्यक्षता तनुजा परिहार बागेश्वर वन प्रभाग द्वारा की गई। मॉक ड्रिल के दौरान दो पृथक स्थलों पर वनाग्नि की काल्पनिक घटनाओं का परिदृश्य तैयार किया गया, जिनसे निपटने हेतु चार सक्रिय टीमें तथा दो रिजर्व टीमों का गठन किया गया। इन टीमों में वन विभाग, अग्निशमन विभाग एवं पुलिस वायरलैस सेवा के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। मॉस्टर कंट्रोल रूम, बागेश्वर से सूचना प्राप्त होते ही सभी टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए रिजर्व टीमों को भी तत्काल सक्रिय कर मौके पर भेजा गया। अभ्यास के दौरान घास व पिरूल में आग से क्षति दर्शाई गई तथा एक व्यक्ति के घायल होने का परिदृश्य प्रस्तुत किया गया। घायल व्यक्ति को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल टीम द्वारा सुरक्षित रूप से घटनास्थल से बाहर लाकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। इस समन्वित कार्यवाही के माध्यम से आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच तालमेल त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव कार्यों की दक्षता का परीक्षण किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  362 ग्राम चरस के साथ पकड़े गए आरोपी को तीन साल की सजा

कार्यक्रम में कुल 120 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान तनुजा परिहार ने कहा कि वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विभागीय समन्वय,सामुदायिक जागरूकता तथा समयबद्ध प्रतिक्रिया अत्यंत आवश्यक है। ऐसे मॉक ड्रिल कार्यक्रम वास्तविक परिस्थितियों में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी बागेश्वर केवलानन्द पाण्डे, वन क्षेत्राधिकारी कपकोट रमेश चन्द्र जोशी, वन क्षेत्राधिकारी गढ़खेत प्रदीप काण्डपाल सहित बागेश्वर वन प्रभाग एवं अन्य रेखीय विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share on whatsapp