पीआईबी देहरादून द्वारा बागेश्वर में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला आयोजित
जनकल्याणकारी योजनाओं की सटीक जानकारी पर केंद्रित रही कार्यशाला
जिले के पत्रकारों की बड़ी सहभागिता, अधिकारियों ने योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी
बागेश्वर। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून द्वारा शुक्रवार को विकास भवन सभागार में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की सटीक, विश्वसनीय एवं प्रभावी जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें जिले के पत्रकारों, विभागीय अधिकारियों और सूचना विभाग के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
—
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना पर थीम आधारित वार्तालाप
पीआईबी देहरादून द्वारा आयोजित वार्तालाप कार्यक्रम का मुख्य विषय प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना रहा। साथ ही सरदार @150 यूनिटी मार्च और तंबाकू मुक्त युवा अभियान पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों और पत्रकारों ने तंबाकू मुक्त युवा बनाने की सामूहिक शपथ भी ली।
—
“मीडिया सरकार और जनता के बीच सेतु” – संजीव सुन्द्रियाल
सहायक निदेशक, पीआईबी देहरादून श्री संजीव सुन्द्रियाल ने कहा—
“मीडिया सरकार और जनता के बीच सेतु की तरह कार्य करता है। जनकल्याणकारी योजनाओं की सही और प्रमाणिक जानकारी जनता तक पहुँचना आवश्यक है ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। यह वार्तालाप कार्यक्रम मीडिया और सरकार के बीच संवाद को और मजबूत करता है।”
कार्यक्रम का समापन सांझा संवाद और प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें पत्रकारों ने अपनी जिज्ञासाएँ रखीं और सूचना के पारदर्शी प्रसार पर चर्चा हुई।
—
मुख्य अतिथि शोभा आर्य – “मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ”
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शोभा आर्य ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और ऐसे आयोजनों से सही सूचना के प्रवाह को मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा—
“तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग के लिए पत्रकारों को विश्वसनीय स्रोतों की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन और मीडिया के बीच बढ़ता समन्वय लोकतांत्रिक व्यवस्था को और सशक्त बनाता है।”
—
दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट – “सकारात्मक पत्रकारिता समाज को दिशा देती है”
दर्जा राज्य मंत्री श्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि मीडिया समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उनका कहना था—
“जब योजनाओं की सही जानकारी जनता तक पहुँचती है तो विकासपरक पत्रकारिता को बल मिलता है और नीतियों के क्रियान्वयन में भी तेजी आती है।”
—
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे – “समन्वय से बढ़ती है पारदर्शिता”
जिलाधिकारी श्रीमती आकांक्षा कोंडे ने कार्यशाला को उपयोगी बताते हुए कहा—
“ऐसे आयोजन प्रशासन और मीडिया के बीच विश्वास और समन्वय को मजबूत करते हैं। योजनाओं की सूचनाएँ साफ और समय पर जनता तक पहुँचें, इससे नीति निर्माण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनती है।”
उन्होंने पत्रकारिता के इतिहास पर भी संक्षिप्त प्रकाश डाला।
—
शिल्पी पंत की प्रभावशाली प्रस्तुति
परियोजना निदेशक श्रीमती शिल्पी पंत ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना थीम पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाएँ—
गरीबों
किसानों
महिलाओं
श्रमिकों
को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर रही हैं।
इस दौरान राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य और सहायक निदेशक संजीव सुन्दरियाल ने लाभार्थी महिलाओं को महालक्ष्मी किट का वितरण भी किया। लाभार्थियों ने योजनाओं से प्राप्त लाभों को मीडिया के साथ साझा किया।
—
विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी
मुख्य कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम फसल बीमा योजना आदि ने किसानों को मजबूत आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है।
आरसेटी निदेशक दिनेश कुमार ने अटल आयुष्मान योजना, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना को गरीबों और कमजोर वर्गों के लिए सामाजिक सुरक्षा का मजबूत माध्यम बताया।
—
विशेष चित्र प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
केंद्रीय संचार ब्यूरो, नैनीताल द्वारा सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और सरदार @150 यूनिटी मार्च विषयों पर विशेष चित्र प्रदर्शनी लगाई गई।
इसमें पिछले 11 वर्षों की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को विस्तृत रूप से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, जिले के पत्रकारगण, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








