logo

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर प्रभारी मंत्री ने गिनाई उपलब्धियां

खबर शेयर करें -

बागेश्वर । जिला प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भाजपा पार्टी कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि देश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार विश्वास, विकास और राष्ट्रवाद की भावना के साथ कार्य कर रही है, जिस पर देश की जनता भरोसा जता रही है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार गरीब कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को देशभर में जनता का समर्थन मिल रहा है, जिसका परिणाम विभिन्न राज्यों के चुनावों में पार्टी की जीत के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं पहले से अधिक मजबूत हुई हैं। पाकिस्तान और चीन सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, जिससे देश सुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हिंदुत्व और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को कृषि यंत्रों और मशीनरी की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है। समाज कल्याण योजनाओं के तहत वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 1500 रुपये किया गया है, जिसका लाभ पति-पत्नी दोनों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन योजना के तहत गांवों तक पेयजल पहुंचाने का कार्य किया गया है। वहीं, कोरोना काल में भारत सरकार ने विदेशों में फंसे युवाओं और नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने का काम किया। महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि डीजल-पेट्रोल की कीमतें समय और आय के अनुरूप बढ़ी हैं तथा लोगों की आय में भी वृद्धि हुई है। उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं जंगल से लकड़ी लाकर चूल्हे पर खाना बनाती थीं, लेकिन अब गैस कनेक्शन मिलने से धुएं से राहत मिली है। प्रभारी मंत्री ने उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए विशेष सुविधाओं की आवश्यकता पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पांचवीं अनुसूची और पर्वतीय राज्यों के संदर्भ में नीति आयोग स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है कि उत्तराखंड को विशेष सुविधाएं किस प्रकार मिल सकें। उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए विशेष नीति की जरूरत है।

Share on whatsapp