बागेश्वर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 29 जुलाई को जनपद में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज गर्जना की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार 29 जुलाई (बुधवार) को जनपद बागेश्वर के कक्षा 1 से 12 तक के सभी राजकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग द्वारा जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।








