बागेश्वर। बागेश्वर क्षेत्र की जिला पंचायत सात के सभी ग्राम पंचायतों सहित आसपास के इलाकों में जंगली सूअरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। खेतों में खड़ी फसलें सूअर बर्बाद कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक ठोस कार्यवाही नहीं हो पाई है।
इस समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य व पूर्व उपाध्यक्ष जिला पंचायत नवीन परिहार ने प्रभागीय वनाधिकारी को पत्र लिखकर त्वरित समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि जंगली सूअरों के झुंड दिन-रात गांवों में घुसकर खेतों की फसलें चौपट कर रहे हैं। आलू, मक्का, धान, मंडुवा, झंगोरा और सब्जियों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। परिहार ने ज्ञापन देते हुए बताया कि किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है और लगातार हो रहे नुकसान से आजीविका संकट में है। उन्होंने वन विभाग से पकड़ने व नियंत्रण अभियान चलाने, ग्रामीण क्षेत्रों में रात्री गश्त बढ़ाने तथा प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।








